देहरादून: शिक्षा विभाग में समग्र शिक्षा के तहत बीआरपी-सीआरपी के 955 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शनिवार से इन पदों के लिए अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के रोजगार प्रयाग पोर्टल पर आवेदन के लिए दो सप्ताह का समय निर्धारित किया गया है।
शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने बताया कि बीआरपी-सीआरपी पदों पर तैनाती आउटसोर्स के माध्यम से की जाएगी। शीघ्र ही चयन प्रक्रिया पूरी कर प्रदेश के सभी सीआरपी-बीआरपी केंद्रों पर चयनित अभ्यर्थियों को तैनात किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के साथ ही
आउटसोर्स एजेंसी को शीघ्र भर्ती प्रक्रिया संपन्न करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रयाग पोर्टल 29 जून को दोपहर एक बजे के बाद ऑनलाइन आवेदन के लिए खुल जाएगा। आवेदन संबंधित जानकारियां व सहायता के लिए संबंधित 0135-2653665 व आउटसोर्स एजेंसी के दूरभाष नंबर 0135-4145780 पर संपर्क कर सकते हैं। इन पदों पर आवेदन के लिए राज्य के किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना जरूरी है। इसके अलावा 10 प्रतिशत पद सेवानिवृत्त शिक्षकों के लिए आरक्षित किए गए।
मंत्री डॉ. रावत ने बताया कि ब्लॉक संदर्भ व्यक्ति (बीआरपी) हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान, गणित व सामाजिक विज्ञान के कुल 255 पदों के लिए न्यूनतम अर्हता स्नातक व स्नातकोत्तर में 55 फीसदी अंकों के साथ उपाधि ग्रहण की हो। इसके अलावा संकुल संदर्भ व्यक्ति (सीआरपी) के लिए 55 प्रतिशत अंकों के साथ किसी भी विषय में स्नातकोत्तर की उपाधि होनी जरूरी है।





