दुकानों के सामने नेम प्लेट लगाने और हटाने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि हरिद्वार के रामनगर क्षेत्र में मस्जिद और मजार के सामने टंगा पर्दा प्रशासन की गले की फांस बन गया। मस्जिद और मजार कमेटी के प्रबंधकों का दावा कि उन्होंने प्रशासन के कहने पर कांवड़ यात्रा के दो दिन पहले पर्दा लगाया, जबकि पुलिस के आला अधिकारी इस तरह के किसी भी निर्देश से सीधे इनकार कर कर रहे हैं।
रामनगर क्षेत्र के मस्जिद और एक मजार के सामने पर्दा टंगा देखकर सोशल मीडिया पर खबर वायरल होने लगी। इसमें बताया गया कि मस्जिद और मजार के सामने पर्दा टांगने का निर्देश प्रशासन ने दिया। मामले में जब पुलिस के आला अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने इस तरह के किसी निर्देश से सीधे मना कर दिया। वहीं मस्जिद कमेटी का कहना है कि कांवड़ मेला के दो दिन पूर्व यानि 21 जुलाई को मस्जिद और मजार के सामने पर्दा टांगा गया।
पर्दा किसने टांगा और किसने हटा दिया यह फिलहाल कुछ पता नहीं चल पाया है। आशंका है कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अभद्रता धार्मिक स्थल पर न की जाए इस दृष्टिकोण से पर्दा टांगा गया हो। मस्जिद कमेटी के मौलाना अनवर अली का कहना है कि कांवड़ यात्रा शुरू होने के दो दिन पूर्व पुलिस और प्रशासन की ओर से पर्दा लगाने के निर्देश दिए गए थे।
पर्दा रात में लगाया भी गया, लेकिन यह किसने लगाया इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। हालांकि मामला शुक्रवार जुमा नमाज के बाद जब तूूल पकड़ा तो ज्वालापुर पुलिस ने खुद आकर पर्दा हटा दिया। हालांकि इस मामले में एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें रामनगर क्षेत्र के स्पेशल पुलिस ऑफिसर एसपीओ पर्दा हटाते दिख रहे हैं।





