
उत्तराखंड में आज फिर मौसम का मिजाज बदल रहा है। आज देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार जिले में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों में छह जनवरी को येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी हल्की बारिश के आसार हैं। ऐसे में इन जिलों के तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा सकती है। देहरादून समेत अन्य कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ है। इसकी वजह से तापमान में भी खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। लेकिन मौसम के करवट बदलते ही करीब चार डिग्री सेल्सियस तापमान गिर सकता है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री दर्ज किया गया है।
जनवरी में दिन में चटक धूप से राहत है, वहीं रात में कोहरे के कारण कंपकंपी छूट रही है। रविवार को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान तीन डिग्री बढ़कर 22 पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रहा।मैदानी इलाकों में दिन में धूप खिलने से सर्दी से राहत मिल रही है वहीं सुबह और शाम शीतलहर का प्रकोप बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इस बार जनवरी में ठंड में बहुत ज्यादा इजाफा नहीं हुआ है। दोपहर में धूप खिलने से तापमान बढ़ रहा है।
उधर, नैनीताल में इन दिनों शहर का मौसम खुशनुमा बना हुआ है। दिन के समय सर्द मौसम में गर्मी का अहसास हो रहा है। सुबह से ही तेज धूप खिली हुई थी। आम तौर पर सर्दियों में लोग घर के आंगन व अन्य स्थानों पर धूप सेंकते है, लेकिन इन दिनों धूप में अधिक देर तक बैठना भी मुश्किल हो हा है। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 09 डिग्री सेल्सियस रहा।