
पिथौरागढ़ में व्यास घाटी के नाभीढांग स्थित ओम पर्वत फिर से बर्फ से आच्छादित हो गया है। बर्फबारी होने से ओम पर्वत पर ऊँ का चिह्न फिर दिखाई देने लगा है।
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया में ओम पर्वत की बिना बर्फ की एक फोटो वायरल हो रही है। बर्फ पिघलने की जानकारी से पवित्र ओम पर्वत पर आस्था रखने वाले शिव भक्त निराशा थे। आदि कैलाश की यात्रा पर आने वाले तीर्थ यात्रियों में भी भ्रम की स्थिति बनी थी। रविवार रात को उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी होने से फिर से ओम पर्वत पर बर्फ पड़ गई है। अब यहां ऊँ स्पष्ट दिखाई देने लगा है।
बर्फबारी के बाद ऊँ का चिह्न दिखाई देने से दर्शनों के लिए आने वाले पर्यटकों को निराश नहीं होना पड़ेगा। अगस्त के अंतिम सप्ताह से उच्च हिमालयी क्षेत्र में हल्की बर्फबारी शुरू हो जाती है। इस बार सितंबर, अक्तूबर में यात्रा पर आने वाले पर्यटक ताजा हिमपात का आनंद भी ले सकेंगे।