
लखनऊ: यूपी की योगी सरकार ने अपने लाखों कर्मचारियों को तोहफा दिया है। वेतन वृद्धि को लेकर आए प्रस्ताव पर कैबिनेट ने मुहर लगा दी है। इससे अब एक दिन पूर्व रिटायर होने वाले कर्मचारियों को वेतन वृद्धि का लाभ मिल सकेगा। इसके अनुसार अब 30 जून और 31 दिसंबर को रिटायर होने वाले सरकारी कर्मचारियों को एक जुलाई और एक जनवरी से प्रस्तावित वेतन वृद्धि का लाभ मिल सकेगा। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि अभी तक जो व्यवस्था थी उसके अनुसार 30 जून और 31 दिसंबर को रिटायर होने वाले कर्मचारियों को एक जुलाई या एक जनवरी को प्रस्तावित वेतन वृद्धि का लाभ नहीं मिल पाता था।
हालांकि अब कैबिनेट ने इसकी मंजूरी दे दी है। इससे कर्मचारियों को वेतन वृद्धि का लाभ उनकी पेंशन और ग्रेचुयुटी में मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के एक निर्णय के बाद ज्यूडिशियल कर्मचारियों को पहले ही इसका लाभ दिया जा चुका है और अब सरकारी कर्मचारी भी इससे लाभान्वित हो सकेंगे।
अक्सर होता है कि कर्मचारियों की रिटायमेंट साल में दो बार 30 जून और 31 दिसंबर को होती है। सरकार की तरफ से वेतन वृद्धि आदि का ऐलान साल में कभी भी हो यह एरियर के साथ एक जुलाई या एक जनवरी से लागू होता है। ऐसे में एक दिन पहले रिटायर होने वाले कर्मचारियों को यह लाभ नहीं मिल पाता था। अब इसका लाभ मिलेगा। रिटायमेंट के बाद ज्यादा पेंशन मिल सकेगी।