
उत्तराखंड के निचले और मैदानी क्षेत्रों में अगले चार दिन तक लू चलने की चेतावनी।
नई दिल्ली मौसम विभाग ने उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा समेत 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। शनिवार को भी देश के उत्तरी हिस्सा भीषण गर्मी की चपेट में रहा और तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने यह भी कहा कि चार दिन बाद मौसम में बदलाव होने का अनुमान है, जिसके बाद कुछ इलाकों में हल्की बारिश होगी और तपती गर्मी से राहत मिलेगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने जम्मू-कश्मीर के जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के निचले और मैदानी क्षेत्रों में अगले चार दिन तक लू चलने की चेतावनी जारी की है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान और उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश में भी भीषण गर्मी पड़ेगी और तेज गर्म हवाएं चलेंगी।
बीते 24 घंटे के दौरान उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सबसे अधिक 46.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। रात के समय भी पारा चढ़ा रहा और ज्यादातर इलाकों में तेज गर्मी महसूस की गई।